मुंबई (नेहा): महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में तेज रफ्तार ट्रक के पलट जाने से चार मजदूरों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया, यह घटना पिशोर घाट सेक्शन में हुई, जब गन्ने से लदा ट्रक कन्नड़ से पिशोर जा रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक में 17 मजदूर सवार थे। पिशोर घाट पर ट्रक के ड्राइवर ने पहियों पर से कंट्रोल खो दिया और परिणामस्वरूप वाहन पलट गया। अधिकारी ने आगे बताया कि मजदूर सड़क पर गिर गए और गन्ने के ढेर के नीचे फंस गए। उन्होंने बताया कि बाद में चार मजदूरों की मौत हो गई और 13 को जिंदा बाहर निकाला गया। घायल मजदूरों को अस्पताल ले जाया गया और उनका इलाज चल रहा है।
वहीं इससे पहले मध्य महाराष्ट्र के जालना जिले में कार के खड़े ट्रक से टकराने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। यह दुर्घटना सोलापुर-धुले रोड पर दोपहर करीब एक बजे हुई। एक अधिकारी ने बताया था कि पीड़ित अक्कलकोट के दर्शन के बाद छत्रपति संभाजीनगर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि ट्रक अंबाड़ तहसील के महाकाल गांव में खराब हो गया था और सड़क पर रुका हुआ था। तभी कार ने पीछे से उसमें टक्कर मार दी। इससे कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई। कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।