मुंबई (हरमीत): देश की आर्थिक राजधानी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नेपाल की रहने वाली 31 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जो फर्जी पासपोर्ट के आधार पर हंगरी जाने का प्रयास कर रही थी। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए महिला को पकड़े जाने की पुष्टि की है।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अफसरों से मिली जानकारी में बताया जा रहा है कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को महिला के दस्तावेजों की जांच करने पर अधिकारियों को उस पर संदेह हुआ था। तो उसको रोका गया और बारीकी से जांच करने की कोशिश की गयी तो सुरक्षा एजेंसियों का संदेह सही निकला।
सहार पुलिस थाने के अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि जांच करने पर पता चला कि महिला का पासपोर्ट फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बनाया गया था। जब अधिकारियों ने उससे पूछताछ की तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई। जिसके आधार पर उसको रोककर गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में यह पता चला कि उसने कोलकाता में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद अधिकारी ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और पासपोर्ट अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।