उधमपुर (राघव): आम आदमी पार्टी की ओर से बुधवार को शहर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें कई नेताओं ने हिस्सा लिया। प्रेस वार्ता में बात रखते हुए पार्टी के जिला अध्यक्ष सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल सोमराज शर्मा ने बताया कि आम आदमी पार्टी जम्मू-कश्मीर की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जम्मू-कश्मीर की जनता ने आम आदमी पार्टी को भारतीय जनता पार्टी के विकल्प के रूप में देखा है और हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से लोग भाजपा के विकल्प की तलाश कर रहे थे और आम आदमी पार्टी के रूप में नया विकल्प मिला है। आज कश्मीर में आम आदमी पार्टी के जम्मू-कश्मीर के इंचार्ज व दिल्ली कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन ने प्रेस वार्ता कर एलान किया है कि आम आदमी पार्टी जम्मू-कश्मीर में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह हमारे लिए खुशी की बात है। वर्ष 2012 से ही कई कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे है और यह सूचना मिलने पर सबमें खुशी की लहर है। इसके लिए जम्मू-कश्मीर की जनता को भी बधाई देते हैं। अब हम पार्टी को और मजबूत करने के लिए और ज्यादा मेहनत करेंगे। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के संगठन मत्री संजीव शर्मा, उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, वरुण भगत, सूरम चंद, रोहित शर्मा व अन्य मौजूद थे।