जम्मू (राघव): जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू में दूसरी बार गोलीकांड का मामला सामने आया है। जम्मू के जीवल चौक में थार गाड़ी पर सरेआम दिनदहाड़े गोलियां चलाई गई हैं। इस हमले में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुमित जंडियाल निवासी विजयपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जीवल चौक में थार गाड़ी चला रहे सुमित पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोलियां चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं स्थानीय लोगों ने थार चला रहे युवक को जम्मू के मेडिकल कॉलेज बक्शी नगर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सुमित का पोस्टमार्टम जम्मू के जी.एम.सी. मोर्चरी में चल रहा है। मौके पर पहुंचे उसके घर वालों का भी रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।