नई दिल्ली (राघव): दिल्ली में इस बार मौसम ने समय से पहले ही अपना मिजाज बदल लिया है। फरवरी का महीना आते ही ठंड का असर काफी कम हो गया है और गर्मी के संकेत मिलने लगे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 3 और 4 फरवरी को दिल्ली में जमकर बारिश होने की संभावना है। इस बीच, दिल्ली में कोहरे का असर भी देखने को मिलेगा और तापमान में कुछ हद तक गिरावट आ सकती है। दिल्ली के लिए 3 और 4 फरवरी का दिन अहम रहने वाला है, क्योंकि इन दिनों में यहां बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बारिश के साथ साथ गरज के साथ आंधी भी चल सकती है। इससे राजधानी में ठंड का फिर से एहसास होगा और तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 फरवरी तक दिल्ली में न्यूनतम तापमान में आंशिक कमी देखने को मिल सकती है, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
दिल्ली में मौसम के बदलाव के साथ-साथ प्रदूषण भी बढ़ने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार शाम को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 355 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। इस समय दिल्ली की हवा में प्रदूषण की काफी मात्रा बढ़ गई है, जिससे सेहत पर असर पड़ सकता है। यदि AQI 300 से ऊपर रहता है, तो इसे ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा जाता है, और 400 से ऊपर तो इसे ‘गंभीर’ माना जाता है। इस स्थिति में लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है।