देहरादून (नेहा): नगर निकाय चुनाव में कई सीटों पर हार के कारणों की समीक्षा के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बुलाई गई महानगर इकाई की बैठक में हंगामा हो गया। कई कार्यकर्ताओं ने पार्षद पद के लिए टिकट बेचने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। इसमें पार्टी के बड़े नेताओं की संलिप्तता भी बताई गई। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। यह सब प्रदेश अध्यक्ष करना माहरा की मौजूदगी में हुआ। कार्यकर्ताओं ने उन्हें भी खरी-खरी सुनाई।
महापौर पद के प्रत्याशी रहे विरेंद्र पोखरियाल और उनके समर्थक बैठक छोड़कर बाहर आ गए। बैठक में अहसज स्थिति होने पर कुछ नेताओं ने बीच-बचाव कर मामले को शांत किया। नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को देहरादून समेत कई सीटों पर करारी हार का सामना करना पड़ा था। हार के कारणों पर मंथन करने और विजयी पार्षदों को सम्मानित करने के लिए बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महानगर कांग्रेस की बैठक बुलाई गई थी। इसमें पार्षद पद के सभी प्रत्याशियों को बुलाया गया था।