बीजापुर (राघव): छत्तीसगढ़ में बीजापुर और नारायणपुर से लगी महाराष्ट्र की सीमा पर सुरक्षाबल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई है। इसमें 12 नक्सलियों को मारे जाने की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। मुठभेड़ की जगह से ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबल लगातार नक्सलियों के खिलाफ एक्शन ले रहे हैं। बीजापुर के फरसेगढ़ थाना नेशनल पार्क क्षेत्र में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर सुबह से मुठभेड़ जारी है। वहीं इस मुठभेड़ में दो जवान भी घायल हुए हैं।
छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव से पहले सुरक्षाबलों ने यह बड़ी कार्रवाई की है। बीजापुर के नेशनल पार्क के जंगलों में नक्सलियों के होने की खबर मिली थी। इस पर सुरक्षा बल कार्रवाई के लिए गए थे। 9 फरवरी की सुबह नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। घंटों चली इस मुठभेड़ में कई नक्सली मारे गए हैं। बस्तर के आईजी पी सुंदरराज ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में मुठभेड़ हुई है। नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मारे गए नक्सलियों की सही संख्या का पता चल पाएगा।