इंफाल (राघव): मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राजभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की और मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा। आज ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। लंबे समय तक राज्य में हुई हिंसा के कारण वह आलोचना का सामना कर रहे थे। पार्टी के कई विधायक भी उनसे नाराज चल रहे थे।
बतादें राज्य में मई 2023 से जातीय हिंसा चल रही है, जिसमें अब तक 200 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। नवंबर में मणिपुर के जिरीबाम में तीन महिलाओं और उनके तीन बच्चों की हत्या के बाद भी बवाल हुआ। राज्य में लगातार हो रही हिंसा के चलते एन बीरेन सिंह भारी दबाव में थे और उनको पद से हटाने की मांग जोर पकड़ रही थी। एनडीए की सहयोगी एनपीपी ने भी मणिपुर सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था और नेतृत्व परिवर्तन करने की मांग की थी।