पेशावर (नेहा): पाकिस्तान में सुरक्षाबलों ने सात आतंकवादियों को मार गिराने में सफलता हासिल की है। सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग ऑपरेशन में इन आतंकियों को ढेर किया है। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा, ” 8और 9 फरवरी की रात को सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की कथित मौजूदगी पर डेरा इस्माइल खान जिले के मद्दी में आईबीओ ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के ठिकाने को निशाना बनाया। इसमें तीन आतंकियों की जान गई है और दो अन्य घायल हैं। उत्तरी वजीरिस्तान जिले के मीर अली इलाके में एक अलग अभियान चलाया गया। यहां सुरक्षा बलों ने चार आतंकियों को ढेर किया है। तीन अन्य घायल हैं। सेना की मीडिया शाखा ने कहा कि अन्य आतंकवादियों को खत्म करने के लिए सफाई अभियान शुरू किया गया है। उधर, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सफल अभियान के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की।
उन्होंने कहा, “पूरा देश सुरक्षा बलों को सलाम करता है। हम देश से आतंकवाद को खत्म करने के लिए दृढ़ हैं।” यह अभियान आतंकवाद विरोधी निरंतर प्रयास का हिस्सा है। 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी हमलों में इजाफा देखने को मिल रहा है। आतंकवाद से सबसे अधिक खैबर पख्तूनख्वा और उसके बाद बलूचिस्तान प्रभावित है। दोनों की राज्यों की सीमा अफगानिस्तान से लगती है।