नई दिल्ली (राघव): भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि 10 से 13 फरवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश या बर्फबारी की संभावना है और 11 और 12 फरवरी, 2025 को भारी बारिश हो सकती है। उत्तर पूर्व बांग्लादेश के ऊपर एक चक्रवाती सर्कुलेशन एक्टिव है जिसके प्रभाव में बारिश या बर्फबारी दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग ने कहा 11-13 फरवरी के दौरान गरज और बिजली के साथ अधिक बारिश हो सकती है। इसके अलावा 11 और 12 फरवरी को छिटपुट भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी के मुताबिक, अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। अगले 4 दिनों के दौरान देश के बाकी भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। अगले 4 दिनों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। उधर राजस्थान के कई इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के तापमान में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। कई जगह तापमान 30 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। जैसलमेर, चित्तौड़गढ़ और बाड़मेर समेत 7 शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले एक हफ्ते तक किसी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को नहीं मिलेगा जिससे तापमान में कमी होने की संभावना नहीं है। राजस्थान में बारिश के भी आसार नहीं हैं।