मुंबई (राघव): मुंबई के न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने कई प्रतिबंध लगा दिए हैं। आरबीआई के बैन के बाद आज (14 फरवरी 2025) सुबह बैंक के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग गईं। आरबीआई ने खाताधारकों के पैसे निकालने पर भी रोक लगा दी है। आरबीआईक के इस बैन के बाद बैंक के ग्राहकों में हड़कंप मच गया है और लोगों को मन में सवाल है कि आखिर अब उनके पैसे का क्या होगा? मुंबई के अंधेरी में विजयनगर ब्रांच के बाहर सैकड़ों की संख्या में खाताधारक इकट्ठा हो गए हैं। लोगों के मन में यह सवाल है कि उनके पैसे का क्या होगा? क्या उनकी मेहनत की कमाई डूब जाएगी? लोगों का कहना है कि बैंक की कस्टमर सपोर्ट सर्विस काम नहीं कर रही है और ना ही ऐप चल रहा है।
न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक, मुंबई के लिए रिज़र्व बैंक के निर्देश गुरुवार (13 फरवरी 2025) को कारोबार की समाप्ति से लागू हो गए और छह महीने की अवधि तक लागू रहेंगे और समीक्षा के अधीन रहेंगे। आरबीआई ने कहा, “बैंक की वर्तमान लिक्विडिटी स्थिति को ध्यान में रखते हुए, बैंक को बचत बैंक या चालू खाते या जमाकर्ता के किसी अन्य खाते से किसी भी राशि की निकासी की अनुमति नहीं देने का निर्देश दिया गया है।” हालांकि, बैंक को लोन को जमा राशि के खिलाफ समायोजित (सेट ऑफ) करने की अनुमति दी गई है, बशर्ते कि यह RBI के जारी निर्देशों के अनुसार हो। इसके अलावा, बैंक वेतन, किराया और बिजली बिल जैसी जरूरी चीजों पर खर्च कर सकता है।