पटना (नेहा): बिहार में अगले 48 घंटे में मौसम का मिजाज बदलेगा। लोगों को ठंड से पूरी तरह से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम व अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की वृद्धि की संभावना है। तापमान में वृद्धि होने से ठंड का प्रभाव कम होगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पश्चिम भारत के पर्वतीय इलाकों पर पश्चिम विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है। इसके प्रभाव से पश्चिम राजस्थान के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। इसके कारण 19-20 फरवरी के आसपास पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना है। इसके कारण तराई वाले इलाकों में सर्द हवा का प्रभाव बना रहेगा जबकि राजधानी समेत दक्षिणी भागों का मौसम आमतौर पर शुष्क बने रहने की संभावना है।
सोमवार को पटना समेत सभी जिलों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि के साथ 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 10.5 डिग्री सेल्सियस सहरसा (अगवानपुर) में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 28.5 डिग्री सेल्सियस व 30.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एसके पटेल ने बताया कि फरवरी में तापमान में अपने सामान्य से ऊपर बने रहने के आसार है। पश्चिमी विक्षोभ की मजबूत स्थिति प्रदेश पर नहीं होने व वर्षा में कमी आने के कारण तापमान बढ़ने से मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम में हो रहे बदलाव को देखते खेती-किसानी करने वाले किसान भाईयों को गेहूं की फसलों का पटवन करने की सलाह दी गई है। यह समय पटवन के लिए सही होगा।