मंडी (नेहा): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रविवार सुबह 3.7 तीव्रता का भूकंप आया। यह झटका लगभग 8:45 बजे महसूस किया गया। भूकंप ने आसपास के इलाकों के लोगों को हैरान कर दिया, और वे दहशत में अपने घरों से बाहर भाग गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं आई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र मंडी जिले के सुंदर नगर क्षेत्र के जय देवी इलाके में था।
यह भूकंप धरती की सतह से करीब 7 किलोमीटर की गहराई पर आया। इससे पहले भी हिमाचल प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, लेकिन इस बार यह झटका थोड़ा अधिक महसूस हुआ। स्थानीय निवासियों ने बताया कि भूकंप के झटके इतने तीव्र थे कि घरों की टेबल, पंखे और खिड़कियां हिलने लगीं। लोग डरकर तुरंत घरों से बाहर भाग गए और कुछ समय के लिए सड़क पर इकट्ठा हो गए। भूकंप के झटके ने स्थानीय नागरिकों को चिंतित कर दिया, लेकिन प्रशासन ने बताया कि फिलहाल कोई बड़ा खतरा नहीं है।