रतलाम (राघव)मध्य प्रदेश के रतलाम से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक बड़ा रेल हादसा हुआ है। दरअसल, डेमू ट्रेन रतलाम से चित्तौड़गढ़ जा रही थी, तभी कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। बता दें, रतलाम से सुबह 10 बजे चली डेमू ट्रेन जावरा सुबह 11 बजे पहुंचने वाली थी। तभी अचानक से बड़ायला चौरासी स्टेशन के पास इंजन ट्रेन से अलग होकर आगे निकल गया। ट्रेन में लगे इंजन के खराब होने की वजह से अतिरिक्त इंजन जोड़ा गया था। मगर, कपलिंग टूटने के कारण यह अलग हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने वॉकी-टॉकी से चालक को जानकारी दी और रेलवे नियंत्रण कक्ष को सूचित किया. इसके बाद इंजन वापस लाया गया और जांच के लिए रोका गया। अतिरिक्त इंजन लगाकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार ने जूनियर स्तर के तीन अधिकारियों की एक जांच समिति बनाई है। यह समिति एक पखवाड़े में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। स्टेशन मास्टर योगेश यादव ने बताया कि यह घटना सुबह साढ़े 10 बजे बढ़ाना और जावरा स्टेशन के बीच हुई थी। हादसे के करीब एक घंटे बाद ट्रेन को दोबारा रवाना कर दिया गया।