नई दिल्ली (नेहा): हिंदुओं के त्योहार होली को लेकर की गई टिप्पणी पर बालीवुड फिल्म निर्माता, निर्देशक और कोरियोग्राफर फराह खान को हिमाचल से लीगल नोटिस जारी किया गया है। धर्मशाला के एडवोकेट विश्व चक्षु ने फराह खान को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर माफी मांगने के लिए कहा है अन्यथा धर्मशाला न्यायालय में उनके विरुद्ध केस दायर करेंगे। फराह खान काफी सुर्खियों में रहती हैं, पर इस बार वह मुश्किल में फंस गई हैं। दरअसल, हुआ यूं कि फराह खान कुकिंग रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ में जज की भूमिका में हैं। इसके एक एपिसोड में फराह ने होली के त्योहार को लेकर कमेंट कर दिया था। विश्व चक्षु का कहना है कि फराह खान ने होली को छपरियों का त्योहार बताया है और इससे करोड़ों हिंदुओं के दिल को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि होली के त्योहार पर युवाओं को छपरी कहकर उन्होंने सही नहीं किया है। इंटरनेट मीडिया पर इसकी काफी चर्चा हुई थी। इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची थी।
बता दें कि कोरियोग्राफर फराह खान हिंदू त्योहार होली के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करके बुरी तरह फंसती हुई नजर आ रही हैं। उनकी इस टिप्पणी के बाद लोगों का गुस्सा उन पर फूट पड़ा है, साथ ही उनके ऊपर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लग रहा है और फराह खान के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई है। दरअसल, कोरियोग्राफर फराह खान (Farah Khan) के खिलाफ हिंदुस्तानी भाऊ ने अपने एडवोकेट अली काशिफ खान के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है। अपने शिकायत में हिंदुस्तानी भाऊ ने दावा किया है कि फराह खान ने होली को ‘छपरियों का त्योहार’ बताया और यह शब्द व्यापक रूप से अपमानजनक माना जाता है। हिंदुस्तानी भाऊ ने यह भी कहा कि फराह खान की टिप्पणी से उनकी व्यक्तिगत धार्मिक भावनाएं और बड़े हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।