लुधियाना (नेहा): पंजाब में पिछले दो दिनों से बूंदबांदी व हल्की वर्षा हो रही है। बुधवार को होशियारपुर, गुरदासपुर, पटियाला, पठानकोट, चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा व फरीदकोट में बूंदाबांदी व हल्की वर्षा हुई। हालांकि, वर्षा के बाद भी पंजाब के कई जिलों में दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन व रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहे। पटियाला में दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री व रात का तापमान सामान्य से 6.0 डिग्री अधिक रहा। इसी तरह फरीदकोट में दिन का तापमान 29.0 डिग्री व रात का तापमान 15.9 डिग्री रहा। दिन का तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री अधिक रहा, जबकि रात का तापमान 3.2 डिग्री अधिक था। फाजिल्का में भी दिन का तापमान 29.4 डिग्री व रात का तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का तापमान यहां 6.8 डिग्री ज्यादा था, जबकि रात का तापमान 2.6 डिग्री अधिक था।
उधर बठिंडा में दिन का तापमान 28.1 डिग्री व रात का तापमान 17.5 डिग्री था। दिन का तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री व रात का तापमान सामान्य से 11.7 डिग्री अधिक रहा। लुधियाना व जालंधर में दिन का तापमान 28 डिग्री व रात का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री व रात का तापमान सामान्रू से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। दूसरी तरफ मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार वीरवार व शुक्रवार को पंजाब के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर भी रह सकती है। वहीं, कुछ जगहों पर सामान्य से मध्यम वर्षा, तो कुछ जगहों पर भारी वर्षा व ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से पंजाब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।