पंचकूला (नेहा): हरियाणा में रविवार को (आज) निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गया है। पहले चरण में 40 स्थानीय निकायों में सुबह आठ से शाम छह बजे तक मतदान हो रहा है। 32 जगह आम चुनाव तो आठ जगह उपचुनाव है। पानीपत नगर निगम के आम चुनाव नौ मार्च को होंगे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल के एक मतदान केंद्र पर स्थानीय निकाय चुनाव के लिए अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
मैं सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील करता हूं। सोनीपत के भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने परिवार के साथ डीएवी स्कूल में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला। निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह दिख रहा है, लेकिन वहीं पर वोटर लिस्ट में नाम ढूंढने में लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। खरखोदा में सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगी है। निकाय चुनाव में लोग वोटिंग को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।