भुवनेश्वर (नेहा): केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता देवेंद्र प्रधान का सोमवार सुबह 10:30 पर दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। बता दें कि देवेंद्र प्रधान अटल बिहार वाजपेयी की सरकार में परिवहन मंत्री रहे थे। इसके अलावा वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके थे। देवेंद्र प्रधान राजनीति में आने से पहले सरकारी डॉक्टर थे। जानकारी के अनुसार, एम्स दिल्ली से उनका पार्थिव शरीर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर लाया जाएगा। इसके बाद वहां से भुवनेश्वर और फिर पुरी स्वर्ग द्वार ले जाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
देवेन्द्र प्रधान का जन्म 16 जुलाई 1941 को अविभक्त ढेंकानाल जिले में हुआ था। जानकारी के मुताबिक पेशे से डॉक्टर देवेंद्र प्रधान की दृढ़ इच्छाशक्ति ने उन्हें राजनीति में खींच लाई। इसके बाद वह 1980 से 1983 तक तालचेर मंडल के अध्यक्ष के तौर पर निर्वाचित हुए। इसके बाद 1983 से 1985, एवं 1985 से 1988 तक ढेंकानाल जिले भाजपा अध्यक्ष का दायित्व निभाया। बाद में वह 1988 से 1990 एवं 1993 से 1995 तक दो बार राज्य भाजपा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाई थी। इसके बाद 1997 से 1998 तक वह भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य बने।