प्रयागराज (नेहा): तापमान का उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 16.6 सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। दिनभर धूप खिली रही पर हवाओं ने तापमान बढ़ने नहीं दिया। बुधवार को भी ऐसे ही स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। हालांकि गुरुवार 20 मार्च से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिलेगा, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। यह सिलसिला 22 मार्च तक जारी रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट होगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
मंगलवार को दिनभर गर्मी के साथ तेज सतही हवाएं चलीं, जिससे तापमान बढ़ नहीं सका। सोमवार की तुलना में अधिकतम तापमान दो डिग्री और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री लुढ़क गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो तीन दिन में छह डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 मार्च को बारिश की संभावना बन रही है, जबकि 23 मार्च से आसमान फिर साफ होने लगेगा और तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। 24 मार्च तक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले कुछ दिनों तक तेज हवा और बारिश की संभावना राहत देने वाली है।