छत्रपति संभाजीनगर (नेहा): महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर के खुल्ताबाद कस्बे का नाम बदला जाएगा। महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने यह एलान किया है। उन्होंने कहा कि खुल्ताबाद का नाम रत्नापुर किया जाएगा। बता दें कि खुल्ताबाद में ही मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र है। पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र में औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग लगातार जोर पकड़ते जा रही है। मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर को पहले खड़की के नाम से जाना जाता था। मगर बाद में इसका नाम बदलकर औरंगाबाद कर दिया गया। ठीक ऐसे ही खुल्ताबाद को पहले रत्नापुर के नाम से जाना जाता था। मगर औरंगजेब के शासनकाल में कई स्थानों के नाम बदले गए। तभी इन दोनों जगह के भी नाम बदले गए। अब हम खुल्ताबाद का नाम बदलकर रत्नापुर करने जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि हम उन सभी स्थानों के नाम बदलने की प्रक्रिया में जुटे हैं, जिनके नाम में बाद (जैसे औरंगाबाद) लगा है। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार खुल्ताबाद में एक स्मारक बनाने बनाएगी। यहां छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके पुत्र संभाजी महाराज के इतिहास को दिखाया जाएगा। छत्रपति संभाजीनगर से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित खुल्ताबाद कस्बे में औरंगजेब, उसके बेटे आजम शाह व निजाम आसफ समेत कई अन्य लोगों की कब्रें मौजूद हैं। पिछले महीने मंत्री शिरसाट ने कहा था कि छत्रपति संभाजी महाराज को प्रताड़ित करने और उनकी हत्या करने वाले क्रूर सम्राट औरंगजेब की कब्र के लिए महाराष्ट्र में कोई जगह नहीं है।