मुंबई (राघव): भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी केदार जाधव मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए। उन्होंने मुंबई में महाराष्ट्र के मंत्री और राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले, अशोक चव्हाण समेति अन्य नेताओं की उपस्थिति में भाजपा का दामन थामा। भाजपा में शामिल होने से पहले केदार जाधव ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और रवींद्र चव्हाण से मुलाकात की थी। इसके बाद वह मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता आशीष शेलार से मिले थे।
केदार जाधव पुणे के रहने वाले हैं और उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 73 एकदिवसीय मैच खेले हैं। हालांकि, टी-20 क्रिकेट में उनका प्रदर्शन बहुत खास नहीं रहा। उन्होंने केवल 9 टी-20 मैच खेले जिनमें 20.33 की औसत से कुल 122 रन बनाए हैं। वहीं आईपीएल में उनका करियर भी काफी सफल रहा। उन्होंने 2010 में आईपीएल में पदार्पण किया और कुल 95 मैचों में 81 पारियों में 1208 रन बनाए। उनका उच्चतम स्कोर 69 रन रहा और उन्होंने आईपीएल में 4 अर्धशतक भी लगाए। जाधव ने साल 2011 में कोच्चि टस्कर्स केरल के साथ आईपीएल में शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 2013 से 2015 तक दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), फिर 2016 और 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और 2018 से 2020 तक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा रहे। 2021 में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलने का मौका मिला।