लुधियाना (नेहा): बुधवार को पंजाब के कई जिलों में हल्की व तेज हवाएं चलने से भीषण गर्मी से थोड़ी राहत रही। मंगलवार की तुलना में तापमान रहा। बठिंडा को छोड़कर अन्य सभी जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। बठिंडा में तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से आठ डिग्री अधिक था। जबकि लुधियाना, चंडीगढ़, अमृतसर में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा। जोकि सामान्य से पांच से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। उधर जालंधर में 37.8 डिग्री सेल्सियस, मोगा व मोहाली में 37.6 डिग्री सेल्सियस, रूपनगर व एसबीएस नगर में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
उधर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार वीरवार व शुक्रवार को पंजाब के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और वर्षा हो सकती है। वहीं, कुछ जिलों में हल्की वर्षा तो कुछ जिलों में सामान्य से मध्यम वर्षा की संभावना हैं। जिससे तापमान में कमी आएगी। हालांकि, आंधी और बारिश से गेहूं व सरसों की फसलों के साथ बागवानी फसलों को नुकसान हो सकता है। जिससे बड़े स्तर पर किसानों को नुकसान हो सकता है। कृषि माहिरों ने किसानों को दो दिनों तक सिंचाई न करने की सलाह दी है।