बक्सर (नेहा): बिहार और उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। गुरुवार की दोपहर एक बजे के करीब बक्सर में अचानक तेजी आंधी और गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। दोपहर के वक्त घने काले बादलों के कारण रात जैसी स्थिति सड़कों पर हो गई। मौसम का हाल इतना खराब हो गया कि लाइट जलाकर भी वाहन चलाने में दिक्कत होने लगी। बारिश शुरू होने से पहले धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पटना स्थित केंद्र ने सुबह ही बक्सर और कैमूर सहित दक्षिण-पश्चिम बिहार में मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी कर दिया था। बक्सर से सटे उत्तर प्रदेश के जिलों बलिया, गाजीपुर और वाराणसी में भी मौसम का हाल बिगड़ गया है। ऐसी स्थिति अगले 24 घंटे तक रहने की आशंका है।
इधर, मौसम के इस हाल ने किसानों को मायूस कर दिया है। रबी फसल की खेती करने वाले किसान काफी निराश हो गए हैं। खासकर वैसे किसान, जिनकी फसल पककर तैयार हो गई है। फिलहाल, इलाके में गेहूं की कटनी तेजी से चल रही है। अब यह प्रक्रिया ठप पड़ जाएगी। अब गेहूं काटने के लिए कम से कम दो-तीन दिन तेज धूप होने का इंतजार करना पड़ेगा। उससे पहले किसानों की चिंता यह है कि मौसम जितना जल्दी हो, सुधर जाए। इलाके में 12 अप्रैल से मौसम सुधरने की संभावना है। हालांकि पूर्वी बिहार में इसका असर लंबा खिंचेगा।