नई दिल्ली (नेहा): पर्दे की फेमस एक्ट्रेस और घर-घर की फेवरेट बहू बनी दिव्यांका त्रिपाठी हाल ही में अपनी बिगड़ी तबीयत को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के ज़रिए फैंस को बताया कि उन्हें डेंगू हो गया है। इस खबर को जानकर उनके चाहने वाले काफी चिंतित हो गए हैं और उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। दिव्यांका त्रिपाठी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अपनी ज़िंदगी से जुड़ी बातें अक्सर फैंस के साथ शेयर करती हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें 102 डिग्री बुखार है और जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है।
उन्होंने अपनी स्टोरी में थर्मामीटर की एक फोटो भी लगाई, जिसमें उनका हाई फीवर साफ दिख रहा था। पोस्ट में दिव्यांका ने लिखा, ‘जो लोग जानने के लिए बेताब थे, उन्हें बता दूं – डेंगू हो गया है। अब धीरे-धीरे ठीक हो रही हूं।’ इतनी तबीयत खराब होने के बावजूद दिव्यांका त्रिपाठी ने अपनी जिम्मेदारियों से किनारा नहीं किया। उन्होंने बुखार में भी एक अवॉर्ड शो में हिस्सा लिया और वहां की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। ये देखकर फैंस उनकी मेहनत और प्रोफेशनलिज़्म की जमकर तारीफ कर रहे हैं। दिव्यांका की पोस्ट देखने के बाद फैंस लगातार उनके लिए दुआएं कर रहे हैं। एक फैन ने कमेंट किया, ‘बीमार होने के बावजूद आपने अपनी जिम्मेदारी नहीं छोड़ी। आप वाकई इंस्पिरेशन हो।’ एक अन्य फैन ने लिखा, ‘आपको अपना आइडल मानकर गर्व होता है। जल्दी ठीक हो जाइए क्वीन।’