बहराइच (राघव): यूपी के बहराइच में मंगलवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। बहराइच-गोंडा मार्ग पर डबल डेकर बस ने सवारियों से भरी टेंपो को टक्कर मार दी। इससे टेंपो सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। सात लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को मेडिकल कॉलेज लाया गया है। इनमें दो की हालत बेहद गम्भीर बताई जा रही है। उन्हें लखनऊ रेफर करने की तैयारी हो रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही एसडीएम और सीओ भी पहुंचे हैं। सीएम योगी ने भी हादसे का संज्ञान लिया है। अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में लगने का निर्देश दिया है।
हादसा गोंडा-बहराइच मार्ग पर खुटेहना चौआ के कटेल चौराहे के पास हुआ। टेंपो ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से आ रही डबल डेकर बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। बस ने इतनी तेज टक्कर मारी कि बस के परखच्चे उड़ गए। टेंपो में 16 लोग सवार थे। कई लोग टेंपो में ही फंस गए और कई लोग दूर तक छिटक गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। टेंपो में फंसे और छिटके लोगों को उठा-उठाकर सड़क किनारे किया गया। जब तक लोगों को अस्पताल पहुंचाया जाता अमजद (50), मरियम (60), अलीम (12), फहद (4) और मुन्नी (40) की मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि कोल्हुवा में मोहम्मद याकूब के विवाह के बाद दावते वलीमा थी। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव के रहने वाले रिश्तेदार उसी में शामिल होने टेंपो से जा रहे थे। पूरा टेंपो बुक किया गया था। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। घायलों को लेकर मेडिकल कॉलेज में व्यवस्था की गई है। कुछ घायलों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ भेजा जा रहा है।