किंशासा (राघव): अफ्रीकी देश कांगो से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें अबतक कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई। वहीं, सैकड़ों लोग लापता बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि हादसा तब हुआ जब नाव में आग लगी और इसके बाद वो पलट गई। नाव में करीब 400 लोग सवार थे। घटना को लेकर एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि मंगलवार देर रात कांगो नदी पर हुए हादसे में दर्जनों लोगों को बचा लिया गया, जिनमें से कई बुरी तरह जल गए थे। रेड क्रॉस और प्रांतीय अधिकारियों के सहयोग से बचाव दल द्वारा बुधवार को लापता लोगों की तलाश जारी थी।
वहीं, एक अधिकारी कॉम्पेटेंट लोयोको ने बताया कि एचबी कोंगोलो नाम की नाव मतानकुमु बंदरगाह से बोलोम्बा क्षेत्र के लिए रवाना हुई थी। इसमें लगभग 400 यात्री सवार थे। मोटर चालित लकड़ी की नाव में मबंडाका शहर के पास अचानक ही आग लग गई, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। इस घटना में लगभग 100 बचे लोगों को मबंडाका टाउन हॉल में एक अस्थायी आश्रय में ले जाया गया। वहीं, जो लोग हादसे में जलकर घायल हुए हैं उनको इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि दर्दनाक हादसा तब हुआ जब एक महिला नाव पर खाना बना रही थी। नाव में अचानक आग लगने से महिलाएं और बच्चे सहित कई लोग नदी में कूद गए, लेकिन उन्हें तैरना नहीं आता था। इसके चलते उनकी मौत हो गई। बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। रेड क्रॉस और प्रांतीय अधिकारियों की सहायता से बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटा है।
गौरतलब है कि मध्य अफ्रीकी देश में घातक नाव दुर्घटनाओं की खबरें अक्सर ही सामने आती रहती हैं। इससे पहले मार्च में भी कांगो में नाव पलटने से 25 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कई फुटबॉल खिलाड़ी भी शामिल थे। दिसंबर 2024 में भी ऐसी दो दुर्घटनाएं सामने आई थी। कांगो के बुसिरा नदी में यात्रियों से भरी नौका पलटने से 38 लोगों की मारे गए थे। इससे 4 दिन पहले ही एक दूसरी नाव के डूबने से 25 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, अक्टूबर में कांगो की किवु झील में नाव पलटने से कम से कम 78 लोगों की मौत हो गई थी।