बेतिया (नेहा): बाइक सवार दो बदमाशों ने शुक्रवार की सुबह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोड़वा टोला के समीप प्रॉपर्टी डीलर सुरेश यादव (45) को गोली मार दी। घटना के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवत परसाइन वार्ड 37 निवासी सुरेश यादव के बाएं सीने पर दो गोली लगी हैं, उनका इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हो रहा है। प्रॉपर्टी डीलर अपनी पुत्री सुषमा कुमारी की शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। प्रॉपर्टी डीलर सुरेश यादव की बेटी की शादी पांच मई को होनी है। घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है। घायल सुरेश यादव के पुत्र ने योगापट्टी के रमेश महतो व बीरबल प्रसाद पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
घटना का कारण प्रॉपर्टी डीलिंग के व्यवसाय में रुपये की हेराफेरी बताया जा रहा है। सुरेश यादव के बेटे ने बताया कि दोनों आरोपितों ने व्यवसाय में एक से डेढ़ करोड़ रुपये का घोटाला किया है। रुपये हजम करने की नीयत से उनके पिता को गोली मारी है। इधर, घटना के बाद अस्पताल में नाराज स्वजन उग्र हो गए। एक्स-रे में देरी का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा करने लगे। हंगामे के कारण अस्पताल में आफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया, जिसके बाद पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापामारी हो रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।