नई दिल्ली (राघव): देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासकर पहाड़ी राज्यों से लेकर झारखंड और ओडिशा तक बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में रविवार को तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह उत्तराखंड में भी गरज, चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। IMD के अनुसार पहाड़ी इलाकों में मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है।
जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने हिमपात और तेज तूफानी हवाओं की संभावना जताई है। रविवार को जम्मू कश्मीर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और सोमवार को भी यही स्थिति बनी रह सकती है। हिमाचल में भी बर्फबारी और बारिश का असर दिखेगा।
जहां एक ओर देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, वहीं दूसरी ओर गुजरात और मध्य प्रदेश में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। गुजरात में धूलभरी आंधी चल सकती है जबकि मध्य प्रदेश में तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है। गर्मी से राहत फिलहाल नहीं दिख रही है।
ओडिशा में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस राज्य के कई हिस्सों में बिजली गिरने और आंधी की आशंका जताई गई है। यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है।