नई दिल्ली (नेहा): तमिल अभिनेता विष्णु विशाल और बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा के घर खुशखबरी आई है। क्योंकि कपल माता-पिता बना है। ज्वाला गुट्टा ने बेटी को जन्म दिया है। इसकी जानकारी खुद अभिनेता विष्णु विशाल ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ साझा की है। ये कपल का पहला बच्चा है, जो उनकी शादी के तकरीबन चार साल बाद हुआ है। अभिनेता विष्णु विशाल ने अपने एक्स अकाउंट पर अपने घर नन्हीं परी के आगमन की जानकारी साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “हमें एक बच्ची का आशीर्वाद मिला है। आर्यन अब बड़ा भाई बन गया है। आज हमारी शादी की चौथी सालगिरह है। इसी दिन हम इस प्यारे से उपहार का भी स्वागत करते हैं। आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है।” अपनी इस पोस्ट में अभिनेता ने ज्वाला गुट्टा को भी मेंशन किया है।
विष्णु विशाल ने अपनी इस पोस्ट के साथ में दो तस्वीरें भी साझा की हैं। पहली तस्वीर में नए माता-पिता अपनी बच्ची का हाथ थामे हुए हैं और दूसरी तस्वीर में उनके बेटे आर्यन अस्पताल में अपनी छोटी बहन को निहारते हुए नजर आ रहे हैं। बता दें कि आर्यन विष्णु विशाल की पहली पत्नी से हुआ बच्चा है। ज्वाला गुट्टा से उनकी दूसरी शादी हुई है। विष्णु विशाल और ज्वाला गुट्टा ने 22 अप्रैल, 2021 को हैदराबाद में एक निजी शादी समारोह में शादी की थी। अपने रिश्ते को अगले स्तर पर ले जाने से पहले दोनों ने लगभग दो साल तक डेट किया।