बहादुरगढ़ (नेहा): गांव छारा में बुधवार शाम को हुई सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग पूर्व सैनिक और उनके दो नातियों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों बाइक पर थे और ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया। शव सिविल अस्पताल में रखे गए हैं। पोस्टमार्टम वीरवार को होगा। मृतकों में छारा गांव के भीम सिंह (60) और उनके नाती टिंकू (13) व हनी (8) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब चार बजे भीम सिंह अपने दोनों नातियों के साथ बाइक पर सवार होकर नेशनल हाइवे-334बी की तरफ गए थे। जब ये टोल प्लाजा के पास सर्विस लेन पर चढ़े तो इसी दौरान ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। टक्कर से तीनों सड़क पर गिरे तो ट्राली से बुरी तरह कुचले गए। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक भाग निकला। सूचना मिलते ही मांडौठी चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। नेशनल हाइवे की एंबुलेंस टीम भी मौके पर पहुंची। तीनों के शव सिविल अस्पताल में लाए गए। तीनों के ऊपर से ट्रॉली का टायर गुजरा तो शरीर टुकड़ों में बंट गए। स्वजनों ने बताया कि मृतक भीम सिंह सेना से रिटायर थे। भीम सिंह की बेटी रीना का ससुराल जसराना में है। पिछले कुछ समय से वह अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रहती है। दोनों बच्चे भी यहीं पढ़ते थे। घटना के बाद परिवार के साथ ही पूरा गांव में गम में डूब गया। भीम सिंह के बेटे सेना में हैं। आसौदा थाना के एसएचओ विनोद कुमार ने बताया कि घटना को लेकर जांच की जा रही है। आरोपित ट्रैक्टर चालक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है।