भोपाल (राघव): मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मध्य प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रांतीय सम्मेलन में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा कर दी है। सीएम ने प्रदेश के सभी शासकीय कर्मचारियों को 1-7- 2024 से 3% और 1-1- 2025 से 2% महंगाई भत्ते की अतिरिक्त किस्त स्वीकृत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी शासकीय कर्मचारियों को भारत सरकार के कर्मचारियों के समान ही 55% महंगाई भत्ता दिया जाएगा। महंगाई भत्ते में वृद्धि के फल स्वरुप एरियर राशि का भुगतान पांच समान किस्तों में जून 2025 से अक्टूबर 2025 तक दीवाली अच्छी मनाकर किया जाएगा।
प्रदेश में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पताल तक डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए सरकार वरिष्ठ चिकित्सकों को 70 वर्ष तक संविदा पर रखेगी। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अधिकारियों को इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। इसे स्वीकृति के लिए कैबिनेट की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने शनिवार को अपने आवास पर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए हैं। शुक्ला ने कहा कि अनुभवी डॉक्टरों की सेवाओं से रोगियों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष है। ऐसे में, अब उन्हें सेवानिवृत्ति के पश्चात पांच वर्ष के लिए संविदा पर कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस निर्णय का बड़ा लाभ प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में प्राध्यापकों के पदों की पूर्ति में मिलेगा। इसके साथ ही जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक में डॉक्टरों खासतौर पर विशेषज्ञों की कमी दूर हो सकेगी। मेडिकल कॉलेजों में प्राध्यापकों के पद भरना बड़ी चुनौती हो रहा है। वर्तमान में स्वीकृत पदों में से लगभग आधे रिक्त हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की ज्यादा संख्या दिखाकर पोषण आहार वितरण में गड़बड़ी की आशंका लंबे समय से जताई जा रही थी। इस कारण अब आंगनबाड़ियों में फेस रिकग्नीशन सिस्टम लगाया जा रहा है। इस व्यवस्था में मशीन के सामने चेहरा दिखाने पर ही उपस्थिति मान्य होगी। उसी के अनुरूप पोषण आहार का वितरण किया जाएगा। धार में प्रयोग के तौर पर यह व्यवस्था प्रारंभ की गई है। इसके सफल होने पर सभी जिलों में इसे लागू किया जाएगा। इससे उनकी उपस्थिति भी दर्ज हो जाएगी।