कटरा (नेहा): श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के भवन में एक महिला सुरक्षा जांच को तोड़ते हुए पिस्तौल लेकर पहुंच गई। घटना 14-15 मार्च 2025 की रात की है। महिला की पहचान ज्योति गुप्ता के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत है। मिली जानकारी के मुताबिक ज्योति पिस्तौल लेकर वैष्णो देवी के दर्शन करने पहुंची थी। एसएसपी के रियासी परमिंदर सिंह ने जानकारी दी कि महिला के पास से मिले हथियार का लाइसेंस एक्सपायर हो चुका था। रियासी पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और हथियार जब्त कर लिया है। कटरा के पुलिस स्टेशन भवन में एफआईआर दर्ज की गई है, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक दिन पहले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर ओरहान अवात्रमणि (ओरी) विवादों में आए थे।
श्रद्धालु बनकर माता वैष्णो देवी की यात्रा पर आए 7 लोगों के एक नामी होटल में शराब पीने का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस स्टेशन कटड़ा ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कटड़ा से करीब 5 किलोमीटर दूर कटड़ा-जम्मू मार्ग पर एक नामी होटल में कुछ लोगों ने शराब का सेवन किया। उन्हें स्पष्ट रूप से बताया गया था कि माता वैष्णो देवी तीर्थ स्थल के नजदीक कॉटेज सुइट में शराब और मांसाहार सख्त रूप से वर्जित है। आरोप है कि माता वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान इन सभी लोगों ने कटड़ा में एक नामी होटल में शराब आदि का सेवन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर डाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।