मुंगेर (नेहा): इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर रुपेश सिंह हत्याकांड में कोर्ट से बरी हुए ऋतुराज और आर्यन को मुंगेर पुलिस ने बांक से गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ नौ अन्य लोगों को भी पकड़ा गया है। सभी अवैध हथियार खरीदने मुंगेर पहुंचे थे। सोमवार की रात गिरफ्तारी उस समय हुई जब सभी बांक पंचायत मेन रोड पर हथियार खरीदकर लौट रहे थे। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने तीन पिस्टल, 50 हजार नकदी और सफारी कार जप्त किया है।
ऋतुराज नौबतपुर का रहने वाला है और पटना के खमेनीचक में रहता है, जबकि आर्यन बख्तियारपुर के सालिमपुर का निवासी है। इनके अलावा गिरफ्तार अन्य नौ आरोपी बेगूसराय, पटना, मुंगेर और अन्य जिलों के रहने वाले हैं। गिरफ्तार सभी आरोपी सफारी गाड़ी से पटना लौट रहे थे। पुलिस को संदेह है कि ये लोग पटना में किसी की हत्या करने के लिए हथियार खरीदने गए थे। देर रात तक मुंगेर पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही थी। फिलहाल पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किस वारदात के लिए किया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन शामिल है।