पटना (राघव): बिहार में दो ASI की हत्या के बाद सियासत तेज हो गई है। अररिया में ASI की हत्या के बाद मुंगेर में एक और ASI की जान चली गई। हालांकि, प्रशासन ने मुंगेर ASI की हत्या के मुख्य आरोपी गुड्डु यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच मुंगेर की घटना पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने प्रशासन से कहा है कि अगर एनकाउंटर की जरूरत हो तो करो, सरकार की ओर से खुली छूट है।
बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा, ‘यह दुखद है। सरकार गंभीरता से कार्रवाई करेगी। हम सुशासन के लिए सरकार में आए हैं और हर हाल में एक्शन होगा। आज बहुत हद तक माफिया पर अंकुश लगा है। कुछ लोग सरकार को बदनाम करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित करके वे जिस भाषा में समझेंगे, उसी भाषा में प्रशासन समझाए। एनकाउंटर की जरूरत हो तो करे। सरकार की ओर से खुली छूट है।’
मुंगेर में ASI की हत्या पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराध बढ़ रहा है, अपराधी बेलगाम हैं। मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं। बिहार में हर दिन 200 हत्याएं हो रही हैं, ज्वेलरी शोरूम में लूट, अपहरण, बलात्कार हो रहे हैं। नीतीश कुमार जमीनी स्तर पर रिपोर्ट लेंगे तो उनके प्रशासन स्तर पर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। उनके राज में सबसे ज्यादा पुलिसकर्मी मारे गए हैं। आरजेडी नेता तेजस्वी ने आगे कहा कि अपराधी नियंत्रण से बाहर हैं क्योंकि सत्ता में बैठे लोग उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध पूरे बिहार में हो रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत से कोई सरोकार नहीं है। नीतीश कुमार गृह मंत्री भी हैं लेकिन बिहार की कानून व्यवस्था को ठीक करना उनके बस में नहीं है।