रोहतास (राघव): बिहार में रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र में 20 करोड़ रुपये मूल्य की अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने मंगलवार को बताया कि भादारा गांव के समीप अफीम की खेती किये जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मौके पर पुलिस बल को भेजकर अफीम की खेती को जेसीबी से नष्ट कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ अगल-बगल के गांवों के लोगों की मिलीभगत से काफी भू भाग में अफीम की खेती की गई है। अफीम की फसल के फूल और फल भी आ गए थे। उन्होंने संभावना जताई है कि इसकी फसल तैयार कर तस्करों को बेचने से खेती करने वालों को अनुमानत: 20 करोड़ रुपए मिलते। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अफीम की खेती करने वालों की पहचान की जा रही है। गौरतलब है कि पूर्व में भी इस क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारत कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के माओवादी अफीम की खेती बल पूर्वक करवाकर संगठन को आर्थिक रूप से लाभ पहुंचाते थे।