चंडीगढ़ (नेहा): हरियाणा भाजपा के नये जिलाध्यक्ष बनाने में अभी कुछ समय लग सकता है। पहले जिलाध्यक्षों की घोषणा दो फरवरी तक होने की संभावना थी, लेकिन हरियाणा के करीब दो दर्जन भाजपा नेताओं के दिल्ली चुनाव में व्यस्त होने की वजह से इन जिलाध्यक्षों के नामों की सूची जारी करने में देरी हो रही है। उम्मीद की जा रही है कि पांच फरवरी के बाद हरियाणा के भाजपा जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की जाएगी। कांग्रेस आठ फरवरी को दिल्ली चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता का चयन कर सकती है।
करीब सवा तीन माह से कांग्रेस अपनी पार्टी के विधायक दल के नेता का चयन नहीं कर पाई है। हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा के बीच नये जिलाध्यक्षों के नामों पर चर्चा हो चुकी है। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा भी राष्ट्रीय नेतृत्व से नये जिलाध्यक्षों के नामों को लेकर चर्चा कर चुके हैं।