नई दिल्ली (राघव): दिल्ली में अब BJP की ट्रिपल इंजन की सरकार आ गई है। बीजेपी के राजा इकबाल सिंह मेयर चुनाव जीत गए हैं। 133 वोट प्राप्त करते हुए राजा इकबाल सिंह भाजपा के संयुक्त दिल्ली नगर निगम के मेयर चुने गए। कांग्रेस के मेयर पद के उम्मीदवार को महज 8 वोट मिले। कुल 142 में से 141 वोट काउंट हुए, एक वोट अवैध घोषित किया गया।
वहीं कांग्रेस की डिप्टी मेयर पद की उम्मीदवार पार्षद आरीबा खान ने नाम वापस लिया। अब भाजपा के जय भगवान यादव डिप्टी मेयर के तौर पर निर्विरोध चुने गए हैं। दिल्ली नगर निगम की सत्ता में संख्याबल को देखते हुए 25 अप्रैल को होने वाले मेयर और डिप्टीमेयर चुनाव में भाजपा का जीतना लगभग तय माना जा रहा था। अब ढाई साल बाद संयुक्त दिल्ली नगर निगम में भाजपा सत्ता पर लौटी है। इससे पहले निगम में भाजपा ने 15 वर्ष सत्ता संभाली थी। हालांकि, अब मौजूदा समय में निगम के प्रशासनिक कामकाज को लेकर सामने कई चुनौतियां हैं। मेयर बनने के बाद राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम में अब तक लगाए टैक्स जैसे यूजर चार्ज को हटाने, कच्चे को पक्का करने का फ़ैसले करेंगे। साथ ही, निगम की प्राथमिक शिक्षा को बेहतर करने और बदहाल पार्कों की स्थिति को ठीक करने के लिए भी काम करेंगे।
दिल्ली में अवैध निर्माण की रोकथाम और खतरनाक इमारतों के सर्वे जैसी कई चुनौती का भाजपा को सामना करना पड़ेगा। साथ ही स्थाई समिति के गठन न होने के कारण कई परियोजनाओं पर असर पड़ा। इस समिति के गठन न होने की वजह से ढाई वर्ष से निगम के प्रशासनिक कामकाज ठीक ढंग से नहीं हो पाया। इसके अलावा दिल्ली में पार्कों की खराब हालत, कई जगहों पर कूड़े के फैलने, जलभराव की समस्या और कूड़े पर आग लगाने की घटनाओं को रोकना भी चुनौती भरा रहेगा। हालांकि, भाजपा के महापपौर पद के उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह ने स्थाई समिति के गठन और अन्य निगम से जुड़ी समस्याओं को हल करने की बात सोमवार को नामांकन दाखिल करने के बाद कहीं थी।