मॉस्को (नेहा): रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के काफिले में शामिल एक कार में भीषण धमाके के बाद आग लग गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा बलों ने आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घटना सेंट्रल मॉस्को की बताई जा रही है। जिस कार में आग लगी है उसका नाम ऑरस लिमोसिन है। इस कार का निर्माण रूस में होता है। सूत्रों के मुताबिक मॉस्को के लुब्यंका में एफएसबी गुप्त सेवा मुख्यालय के नजदीक कार में आग लगी है।
अभी तक अधिकारियों ने यह जानकारी नहीं दी है कि कार में कौन सवार था, आग लगने की वजह क्या है? अभी तक किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आग कार के इंजन में लगी है। देखते ही देखते अंदर फैल जाती है। दमकल के पहुंचने से पहले आस-पास के रेस्तरां और बार के कर्मचारियों ने आग को बुझाने की कोशिश की। कार से धुंए का गुबार निकल रहा है। कार के पिछले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। पुतिन के आधिकारिक फ्लीट का हिस्सा ऑरस लिमोसिन कार की कीमत £275,000 है। पुतिन अधिकतर इस कार का ही इस्तेमाल करते हैं।