शिमला (नेहा): मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार चार फरवरी को दोपहर बाद कुफरी, नारकंडा, मनाली, सोलंगनाला व डलहौजी में हिमपात और कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर व कुल्लू में वर्षा की संभावना है। पांच फरवरी को दोपहर तक हिमपात व वर्षा का अनुमान है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। सोमवार को धूप खिलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है।
ऊना, मंडी व बिलासपुर में कोहरे और शीतलहर का प्रभाव रहा। मंगलवार को भी यहां पर कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। सबसे कम तापमान लाहुल स्पीति के कुकुमसेरी में -9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि शिमला में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई, जो सामान्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।