शिमला (नेहा): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सोमवार सुबह 11 बजे तीसरा बजट (Himachal Pradesh Budget) पेश करेंगे। सीमित संसाधनों के बावजूद सुक्खू दो वर्ष से हिमाचल को वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर और 2032 तक देश का सबसे अमीर राज्य बनाने का संकल्प लेकर आएंगे। बजट में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दिखाई देगा। व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय के साथ सत्ता में आई कांग्रेस सरकार के तीसरे बजट में प्रदेश को दिशा देने की निरंतरता इस बार भी देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को सरकारी आवास ओकओवर में अधिकारियों के साथ बैठक में बजट को अंतिम रूप दिया।
माना जा रहा है कि अगले वित्त वर्ष 2025-26 का बजट 60 हजार करोड़ रुपये का पेश हो सकता है। इस बार के बजट में पंचायतीराज चुनाव को भी दृष्टिगत रखा जाएगा। प्रदेश की वित्तीय स्थिति गंभीर होने के बावजूद प्रदेश बजट में आय के स्रोत बढ़ाने का दृष्टिकोण दिखेगा। राजस्व घाटा अनुदान राशि में कमी होने से अगले वित्त वर्ष में प्रदेश सरकार को 3257 करोड़ रुपये ही मिलेंगे। 2020-21 में हिमाचल को 10249 करोड़ रुपये वार्षिक मिले थे। चालू वित्त वर्ष 2024-25 में घटकर 6258 करोड़ रह गई है। मुख्यमंत्री बजट पेश करने के लिए पुरानी ऑल्टो कार में आते रहे हैं। देखना है कि तीसरी बार भी पुरानी कार में आते हैं या फिर हरित राज्य के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक कार में पहुंचते हैं।