नई दिल्ली (राघव): दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब उन्हें ‘वाई’ श्रेणी की जगह ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि खतरे का आकलन करने के बाद यह फैसला लिया गया है। ‘जेड’ श्रेणी में किसी भी वीआईपी को करीब 22-25 सुरक्षाकर्मी दिए जाते हैं। इसमें निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO), एस्कॉर्ट, वॉचर और आठ स्टैटिक आर्म्ड गार्ड शामिल होते हैं। इससे पहले सचदेवा को ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा मिली थी, जिसमें आठ से 10 सुरक्षाकर्मी रहते हैं।
गृह मंत्रालय की ‘येलो बुक’ के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को छह स्तरों में बांटा गया है – एक्स, वाई, वाई प्लस, जेड, जेड प्लस और एसपीजी। एसपीजी सिर्फ प्रधानमंत्री और उनके परिवार के लिए होती है, जबकि बाकी श्रेणियां उन लोगों को दी जाती हैं, जिन्हें खतरे की पक्की जानकारी मिलती है। दिल्ली सरकार में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को भी ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है।
वीरेंद्र सचदेवा 55 साल के हैं और 1988 से राजनीति में सक्रिय हैं। वह दिल्ली बीजेपी के महासचिव और उपाध्यक्ष जैसे पदों पर काम कर चुके हैं। मार्च 2023 में उन्हें दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया। इससे पहले, 2022 में दिल्ली नगर निगम चुनावों के बाद उन्हें पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। पिछली फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों में उन्होंने आम आदमी पार्टी के खिलाफ बीजेपी के प्रचार अभियान की अगुवाई की थी। नतीजों में बीजेपी ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में शानदार वापसी की थी। इससे पार्टी में उनका कद और बढ़ गया।