नई दिल्ली (राघव): दिल्ली निर्वाचन आयोग ने चुनाव से पहले राजधानी के मतदाताओं की आखिरी लिस्ट जारी कर दी इसमें कुल एक करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता हैं। इसमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या 83 लाख 49 हजार 645 और महिला मतदाताओं की संख्या 71 लाख 73 हजार 952 है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची में मतदाताओं की कुल संख्या 1.55 करोड़ है, जो 29 अक्टूबर, 2024 को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची की तुलना में 1.09 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सीईओ ने कहा कि विकासपुरी विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 4.62 लाख मतदाता हैं। वहीं, दिल्ली छावनी में सबसे कम 78,893 मतदाता हैं। चुनाव कार्यालय ने कहा कि 1,261 थर्ड जेंडर वोटर हैं। 29 अक्टूबर 2024 तक प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के मुताबिक 1.53 करोड़ मतदाता थे।
सीईओ ने एक बयान में कहा कि मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए झूठे या छेड़छाड़ किए गए दस्तावेज जमा करने के लिए 24 लोगों के खिलाफ आठ एफआईआर दर्ज की गई है। जब सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने मतदाता सूची में अवैध नाम जोड़ने और हटाने सहित हेरफेर का आरोप लगाया था। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में सीईओ ने नए मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए झूठे और मनगढ़ंत दस्तावेज जमा करने के प्रति सचेत किया था। बता दें, फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के साथ ही अब जल्द ही दिल्ली में चुनाव की तारीखों का भी एलान हो सकता है। बताया जा रहा है कि 10 जनवरी तक इसकी घोषणा हो सकती है। बता दें, फरवरी में दिल्ली विधानसभा के चुनाव होने हैं। दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है।