नई दिल्ली (नेहा): शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। रेखा गुप्ता अब सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। साथ ही दिल्ली की तीसरी ऐसी मुख्यमंत्री हैं जो हरियाणा मूल की हैं। इससे पहले सुषमा स्वराज और अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सीएम रह चुके हैं।
दिल्ली के रामलीला मैदान में सीएम रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविन्द्र इंद्रराज सिंह, कपिल मिश्रा और डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। वहीं, 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी पर भाजपा कार्यकर्ताओं को जश्न मनाते देखा गया।