जींद (नेहा): पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा प्रदेश को हर क्षेत्र में पीछे ले जा रही है। सरकार का बजट नई बोतल में पुरानी शराब से ज्यादा कुछ नहीं है। साथ ही उन्होंने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नेता प्रतिपक्ष का चुनाव भी नहीं कर पा रही। एक व्यक्ति के दबाव में कांग्रेस गर्त में जा रही है। शुक्रवार को उन्होंने जींद के जजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार केवल कागजों में प्रदेश का विकास कर रही है। हकीकत यह है कि सरकार की नीतियों से हरियाणा कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। सरकार प्रदेश को हर क्षेत्र में पीछे ले जा रही है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार की करनी और कथनी में बहुत ज्यादा अंतर है। गेहूं की खरीद सिर पर है, लेकिन अभी तक गेहूं की लिफ्टिंग के टेंडर नहीं हो पाए हैं। सीएम की स्थिति इतनी कमजोर है कि उन्हें मंडियों से गेहूं की लिफ्टिंग के लिए ठेकेदारों के साथ बैठक करनी पड़ रही है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में सीएम बन गया। उसके बाद दिल्ली के सीएम का चुनाव हो गया, लेकिन कांग्रेस हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष का चुनाव नहीं कर पाई। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद बिहार का नया सीएम भी बन जाएगा, लेकिन कांग्रेस पार्टी हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष का चुनाव नहीं कर पाएगी। इतनी कमजोर कांग्रेस पार्टी से प्रदेश की जनता के हितों की आवाज सड़क से विधानसभा तक उठाने की उम्मीद करना बेमानी है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पंजाब में किसानों के साथ बर्बर कार्रवाई की गई। किसानों के साथ खड़ा होने का ढोंग करने वाली आम आदमी पार्टी की सरकार की पोल खुल गई है। पंजाब पुलिस ने किसानों के ट्रैक्टर तोड़ दिए। चंडीगढ़ में किसानों से वार्ता के केंद्र के ड्रामे के बाद किसान नेताओं को पंजाब में गिरफ्तार करवा दिया गया। केंद्र, पंजाब और हरियाणा सरकार किसानों को कमजोर करने में लगी है।