नई दिल्ली (नेहा): बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार ए.आर. रहमान को अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई जिसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों और संगीत जगत में चिंता की लहर दौड़ गई। ए.आर. रहमान के फैन्स उनकी सेहत को लेकर लगातार प्रार्थना कर रहे हैं और उनकी जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार ए.आर. रहमान को सीने में हल्का दर्द महसूस हुआ जिसके बाद उनके परिवार और करीबी लोगों ने तुरंत एहतियात बरतते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया। अस्पताल में पहुंचने के बाद डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है और उनकी पूरी जांच की जा रही है।
रहमान के परिवार ने बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है और डॉक्टर उनकी पूरी जांच कर रहे हैं ताकि उनकी सेहत में कोई गंभीर समस्या न हो। हालांकि अस्पताल ने उनकी स्थिति के बारे में अभी तक कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि वह जल्दी ठीक हो जाएंगे। ए.आर. रहमान बॉलीवुड के सबसे बड़े और सम्मानित संगीतकारों में से एक हैं जिन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार मिल चुके हैं। उनकी तबियत को लेकर उनके प्रशंसक चिंता में हैं और सभी उनकी जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं।