हिसार (नेहा): रायपुर गांव में किरण ने शुक्रवार रात को घर के आंगन की दीवार के लेंटर में लगे सरिये से रस्सी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। स्वजन के मुताबिक किरण को पांच बेटियां हैं। सबसे छोटी बेटी की उम्र आठ महीने है। रात में काम से लौटकर आए पति को खाना देने के बाद किरण ने फंदा लगाया। आठ महीने की बेटी के रोने पर पति जब कमरे से बाहर आया तो किरण फंदे पर लटकी मिली। इस मामले में मृतका के मायके पक्ष और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मृतका के स्वजन के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन के हवाले कर दिया। भिवानी के बड़सी गांव की रहने वाली किरण (34) की शादी करीब 18 साल पहले गांव रायपुर निवासी धर्मबीर के साथ हुई थी। धर्मबीर ऑटो मार्केट में मिस्त्री का काम करता है। किरण को पांच बेटी है। बड़ी बेटी 12 साल और सबसे छोटी बेटी आठ महीने की है। किरण के मौसेरे भाई ने बताया कि पांचवीं बेटी के जन्म के बाद किरण बेटे की चाहत को लेकर थोड़ी परेशान रहती थी।
इसी कारण वह पिछले काफी समय से परेशान चल रही थी। इसी परेशानी के चलते शुक्रवार की रात को किरण ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। किरण के भाई बलजीत के मुताबिक किरण और उसकी बड़ी बहन मीना दोनों एक ही घर में दो सगे भाइयों के साथ शादीशुदा है। शुक्रवार शाम को करीब आठ बजे धर्मबीर ड्यूटी से घर आया था। किरण धर्मबीर को खाना देकर कमरे से बाहर आ गई। जब काफी देर तक किरण नहीं आई तो आठ महीने की बच्ची रोने लगी। उसी समय धर्मबीर कमरे से बाहर आया तो उसे किरण फंदे पर लटकी मिली। पत्नी के शव देखते ही पति के होश उड़ गए। कुछ ही देर में परिवार में मातम पसर गया। साथ ही अब पांच बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया।