मुंबई (राघव): देश में हुई बारिश से कई लोगों को राहत मिली है तो वहीं कई राज्यों में ये बारिश आफत बन गई है। इस बीच बारिश का असर मुंबई से सटे महाराष्ट्र की लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा है। मुंबई से सटे महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कसारा और टिटवाला स्टेशनों के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं आज सुबह से भारी बारिश और पेड़ गिरने के कारण निलंबित कर दी गईं। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे, भारी बारिश के कारण अटगांव और थानसिट स्टेशनों के बीच पटरियों पर मिट्टी आ गई और वाशिंद स्टेशन के पास एक पेड़ गिरने से पटरियां ब्लॉक हो गईं, जिससे व्यस्त कल्याण-कसारा मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया। इसके बाद पटरियों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया।