इस्लामाबाद (नेहा): पाकिस्तान में एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। खाई में वैन पलटने से 20 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 30 लोग बुरी तरह से घायल हैं। मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की वजह वैन की तेज रफ्तार को बताया जा रहा है। यह हादसा पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हुआ है। दमशोरो जिले में एक वैन पहाड़ी इलाकों से गुजर रही थी। वैन की स्पीड काफी ज्यादा थी, जिसके कारण वैन का संतुलन डगमगाया और वैन गहरी खाई में जा गिरी। सूत्रों के अनुसार, इस वैन में कोल्ही जनजाति के लोग मौजूद थे। वैन पंजाब के लापारी से सिंध के बादिन जा रही थी। तभी तेज रफ्तार के कारण वैन खाई में जा गिरी। इस हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बचाव दल ने सभी घायलों को खाई से निकाल कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया।
डिप्टी कमीश्नर गजनफर कादरी ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि वैन में कई मजदूर भी थे। यह सभी मजदूर बलूचिस्तान में गेहूं की कटाई करने गए थे और वहां से काम पूरा करके घर लौटे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी वैन हादसे का शिकार हो गई। बचाव टीम की मानें तो मृतकों का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है। कई घायलों की हालत काफी नाजुक थी। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि, कुछ की हालत में सुधार नहीं हो रहा है। बता दें कि पाकिस्तान में सड़क हादसे काफी आम हैं। पाकिस्तान में खराब सड़कें, पुराने वाहन और तेज रफ्तार गाड़ी चलाने की वजह से कई सड़क हादसे देखने को मिलते हैं। इन्हीं कारणों से पाकिस्तान का नाम दुनिया के सबसे खराब यातायात व्यवस्था वाले देशों में शामिल है।