नई दिल्ली (राघव): देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। केरल में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जिससे गर्मी का असर स्पष्ट है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी भारत में पुरवइया हवाएं भी चलने लगी है जिससे मौसम में परिवर्तन देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में 1 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, रामपुर, मुरादाबाद, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा जैसे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इसके अलावा दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। 28 फरवरी से 2 मार्च तक दिल्ली में आंधी, हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
वहीं 2 मार्च से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, और हिमाचल प्रदेश में 2-5 मार्च के बीच बर्फबारी और बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 मार्च को बारिश हो सकती है। इन बदलावों के मद्देनजर भारतीय मौसम विभाग ने सभी नागरिकों को मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।