जम्मू (राघव): जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों पर गोलीबारी की है। हमले में कुल 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। चार पर्यटक जबकि दो घोड़े वाले लोग घायल बताए जा रहे हैं। इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। सूत्रों के अनुसार घायलों की संख्या बढ़ सकती है। आतंकवादियों ने पर्यटकों के एक ग्रुप को निशाना बनाया था। इलाके में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल लिया है और आतंकियों की खोज के लिए तलाशी अभियान जारी है।
बता दें कि पहलगाम पर्यटकों के बीच सबसे अधिक लोकप्रिय है और यहां पर गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में टूरिस्ट घूमने के लिए आते हैं। आतंकियों ने जिन पर्यटकों के ग्रुप को निशाना बनाया वह राजस्थान का है। सूत्र के अनुसार दो पर्यटकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि अभी तक आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है कि कुल कितने पर्यटक घायल हुए हैं। घायलों की संख्या बढ़ भी सकती है।
गौरतलब है कि 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है। ऐसे में पर्यटकों को निशाना बनाना आतंकियों की नई चाल की ओर इशारा करता है। हमले से ऐसे लग रहा है कि आतंकी अमरनाथ यात्रा को प्रभावित करना चाहते हैं। यात्रा शुरू होने से चंद दिन पहले यह हमला कहीं न कहीं यात्रा को प्रभावित कर सकता है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया है। आतंकियों की संख्या कितनी है और यह हमला कैसे हुआ। इसकी फिलहाल जानकारी नहीं है।